World Rarest Mahseer Fish Life in Crisis: राजस्थान सरकार के मत्स्य विभाग ने उदयपुर में चंद लाख रुपयों के लाभ के लिए एक दुर्लभ प्रजाति की महाशीर मछली का अस्तित्व दांव पर लगा दिया है। विश्व की दूसरी तथा भारत की एक मात्र रिजर्व क्षेत्र झील में महाशीर मछली को पकड़ने का ठेका दे दिया है। जबकि एक साल पहले ही उदयपुर के तत्कालीन कलेक्टर ने इस झील में फिशिंग पर पाबंदी लगाई थी। जबकि यह झील महाशीर कंजर्वेशन रिजर्व घोषित है। बता दें मत्स्य विभाग ने मात्र 30 लाख रुपए के ठेके में 2 साल के लिए इस दुर्लभ प्रजाति की मछली का अस्तित्व दांव लगा दिया है।
जानें क्या है महाशीर मछली के दुर्लभ होने का राज
बता दें विश्व की इस दुर्लभतम प्रजाति की महाशीर मछली के जीवन का राज ताजा पानी है। अर्थात यह मछली ताजे पानी की झील में ही जीवित रहती है। इस मछली को मछलियों का बाघ भी कहा जाता है, जो विश्व में लुप्तप्राय होने के कगार पर पहुंच चुकी है। पानी में अठखेलियां करने वाली यह महाशीर मछली एक साइप्रिनिड मछली है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उदयपुर की इस ताजे पानी की बड़ी झील में पाई जाने वाली मछली महाशीर की सबसे शुद्ध प्रजाति है। इसी वजह से महाशीर के संरक्षण हेतु इसकी फिशिंग पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। अब इसकी फिशिंग का ठेका देकर हर दिन 8 नावों के द्वारा इन दुर्लभ मछलियों की फिशिंग की जा रही है।
मॉनिटरिंग कमेटी ने लगाई थी पाबंदी
बता दें सबसे पहले राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा महाशीर के संरक्षण हेतु 2017 में आदेश जारी किए गए थे। इसके बाद वर्ष 2023 में तत्कालीन जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल की अध्यक्षता में गठित एक मॉनिटरिंग कमेटी की एक बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में ही बड़ी झील के संरक्षण हेतु महाशीर मछली की फिशिंग पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया था। इसमें तय किया गया था कि किसी भी तरह की फिशिंग का कोई टेंडर नहीं किया जाएगा। बड़ी झील के आसपास वन विभाग द्वारा नियमित रात्रि गश्त की जाएगी। साथ ही फिशिंग करते पकड़े जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बड़ी झील का सैकड़ों हेक्टेयर क्षेत्र रिजर्व घोषित
बता दें उदयपुर के निकट बड़ी गांव में स्थित ताजे पानी की यह बड़ी झील स्थित है। बड़ी झील 206.350 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली हुई है। इसके आसपास क्षेत्र को 7 अक्टूबर 2023 राजस्थान सरकार के द्वारा महाशीर कंजर्वेशन रिजर्व के रूप में घोषित किया था। उदयपुर की बड़ी झील के अलावा विश्व में जो एकमात्र महाशीर मछली रिजर्व घोषित है, वो पाकिस्तान स्थित पुंछ रिवर नेशन महाशीर पार्क है।
ये भी पढ़ें- राजस्थान में बिजली दरों को लेकर बड़ी खबर: शुल्क घटाने के साथ मिलेगी दोपहर में सस्ती बिजली, जानें अब कितना देना होगा चार्ज