Eid Holiday: ईद के मौके पर पूरे देश में राष्ट्रीय अवकाश रहता है। इस दिन सभी सरकारी कार्यालयों में भी छुट्टी रहती है, लेकिन राजस्थान सरकार की ओर से वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन सरकारी कार्यालयों को खोलने का आदेश जारी किया है। इस फरमान ने प्रदेश के मुस्लिम सरकारी कर्मचारियों में आक्रोश पैदा कर दिया है।
 
इस विभाग के कर्मचारियों को आना होगा दफ्तर
गौरतलब है कि मुस्लिम कर्मचारी ईद का उत्सव अपने परिवार और मित्रों के साथ मना सके इसके लिए राष्ट्रीय अवकाश का ऐलान किया जाता है। लेकिन इस साल राज्य के खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय ने औषधि नियंत्रण विभाग के सभी कार्यालयों और संस्थाओं के कर्मचारियों को ईद के दिन दफ्तर आने का आदेश दिया है।

जारी किया गया फरमान
खाद्य सुरक्षा आयुक्त एच गुइटे द्वारा जारी किए गए फरमान में कहा गया है कि 31 मार्च को किसी भी कर्मचारी को छुट्टी नहीं दी जाएंगी। जिन कर्मचारियों ने पहले से अवकाश लिया है, उनको भी इस दिन की स्वीकृत छुट्टी को फौरन निरस्त किया जाए। सरकार के इस फरमान ने मुस्लिम कर्मचारियों और उनके परिवार की मुसीबत बढ़ा दी है।

ये भी पढ़ें:- CM Bhajanlal Sharma: कोटा के छात्रों को सीएम का बड़ा तोहफा, 1.25 लाख पदों पर नई भर्ती की घोषणा

कर्मचारियों ने जताई आपत्ति
इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए कर्मचारियों ने कहा कि त्योहार के दिन भी दफ्तर बुलाना उनके लिए अन्यायपूर्ण है। एक सरकारी कर्मचारी ने बताया कि ईद हमारे लिए खास त्यौहार होता है। ऐसे में ईद के दिन ऑफिस जाना पड़े, तो हम अपना पर्व अपने परिवार और दोस्तों के साथ नहीं मना पाएंगे और इससे पर्व का मजा किरकिरा हो जाएगा।
 
इस कारण खुला रहेगा विभाग
प्रादेशिक परिवहन कार्यालय के डीटीओ तारांचद बंजारा ने जानकारी दी कि भारी वाहनों का टैक्स जमा करवाने के साथ बाकी कार्यों के लिए राजकीय अवकाश को निरस्त करने का फैसला लिया गया है। इसी कारण से 30 और 31 मार्च को भी प्रादेशिक परिवहन कार्यालय खोला जाएगा। वाहन मालिक किसी भी प्रकार की पेनल्टी से बचने के लिए भारी वाहनों का कर 31 मार्च से पहले जमा करवा सकते हैं।