Benefits of Bajra Roti: भारत के लोग मुख्यतः अपने आहार में गेहूं से बनी रोटी का सेवन करते हैं, किंतु बहुत से ऐसे अनाज भी हैं, जिनकी रोटियां स्वाद और सेहत दोनों के मामले में बहुत ही बेहतर होती हैं। इन्हें अपने आहार में शामिल किया जा सकता है और इन्हीं रोटियों में से एक है बाजरे की रोटी। बाजरा एक प्रकार का अनाज है, जिसकी अधिकतर खेती राजस्थान के रेगिस्तानी भागों में की जाती है।
इस अनाज को उपजाने के लिए कम जल की आवश्यकता होती है, जिस कारण राजस्थान में इसे बहुत ज्यादा मात्रा में उपजाया जाता है। बाजरे की रोटी राजस्थान का एक प्रमुख आहार है। राजस्थान के लोग इसे नियमित तौर पर भोजन की थाली में शामिल करते रहते हैं। बाजरे की रोटी को स्वास्थ्य के लिए बहुत अच्छा माना जाता है। सर्दियों के मौसम में पश्चिमोत्तर भारत के लोग (मुख्यतः राजस्थान में) इसे भोजन के रूप में ग्रहण करते ही हैं।
पाए जाते हैं बहुत से पोषक तत्व
बाजरे की रोटी में बहुत से पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो इस भोजन को स्वास्थ्यवर्धक बनाने का कार्य करते हैं। बाजरे की रोटी में डाइटरी फाइबर, प्रोटीन, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। इसके अलावा इसमें आयरन, जिंक, विटामिन B3, विटामिन B6 और विटामिन B9 प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। इन तत्वों के अलावा भी बहुत से ऐसे पोषक तत्व हैं, जो कम-ज्यादा मात्रा में इसमें पाए जाते हैं।
क्या है बाजरे की रोटी खाने के फायदे
बाजरे की रोटी में मौजूद तत्व त्वचा की झुर्रियों को कम करने के साथ-साथ चेहरे पर चमक लाने का भी कार्य करते हैं। यदि आप इसका नियमित सेवन करते हैं, तो आप एजिंग साइन से बच सकते हैं। यह त्वचा में कसावट पैदा करने का कार्य करती है। इसमें पाया जाने वाला मैग्नीशियम दिल के लिए अच्छा होता है और दिल के दौरे के जोखिम को कम करता है।
इसके अलावा इसमें पाया जाने वाला फाइबर कब्ज से छुटकारा दिलाने में मदद करता है और ब्लड शुगर को कंट्रोल करने का भी कार्य करता है। इसके सेवन से शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल इकट्ठा नहीं होता है। सर्दियों के मौसम में इस रोटी को खाने से कई तरह के संक्रमण से बचाव होता है। यह रोटी शरीर को गर्म भी रखती है और ठंड के समय होने वाले सर्दी-जुकाम से राहत दिलाने का कार्य करती है।
इन्हे भी देखे :- राजस्थान की लजीज चटपटी डिश...जिसे देखकर ललचा जाएगा आपका भी मन, जीवन में एक बार जरूर करें ट्राई