Rajasthan Science center: राजस्थान के कोटा शहर में अब देश का 29वां साइंस सेंटर बनने जा रहा है। इसमें स्कूलों बच्चों को विज्ञान और खगोल से जुड़ी जानकारियां खेल-खेल में बताई जाएंगी। सिटी पार्क के पास बनने जा रहे साइंस सेंटर के निर्माण का कार्य 40% तक पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि दिसंबर तक सिविल कार्य पूरा हो जाएगा।
यह देश का 29वां डिजिटल प्लेनेटोरियम होगा, जहां बच्चे 3डी में खगोलीय घटनाओं व ग्रह-नक्षत्रों को आसानी से समझ सकेंगे। प्रो. सीवी रमन को याद करते हुए 28 फरवरी को हर साल राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। साइंस सेंटर के लिए कोटा के लिए सबसे बेस्ट जगह है क्योंकि देश की शिक्षा नगरी में भावी डॉक्टर और इंजीनियर तैयार होते हैं।
खेल-खेल में हो जाएगी विज्ञान की पढ़ाई
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सहायक निदेशक विकास शर्मा ने जानकारी दी कि केंद्र व प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रोजेक्ट के अंतर्गत इस सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें चुंबकीय सिद्धांत, प्रकाश के परावर्तन-अपवर्तन, गति, ऊर्जा, टॉर्नेडो निर्माण, इंफ्रारेड और साउंड जैसे वैज्ञानिक सिद्धांतों के प्रयोगों की मदद से समझाया जाएगा। इसके अलावा यहां कई साइंस गैलेरी होंगी, जिसनें विद्यार्थियों के लिए नेचुरल रिसोर्सेज, पर्यावरण, पर्वत, इलेक्ट्रॉनिक्स, फिजिक्स और जूलॉजी से जुड़े मॉडल पेश किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें:- Planetarium alwar: कोलकाता की तर्ज पर अब अलवर में तैयार होगा तारामंडल, जमीन पर खड़े होकर देख सकेंगे गृह-नक्षत्र
तैयार होगा इनोवेशन हब
बता दें कि कोटा के इस साइंस सेंटर के परिसर में इनोवेशन हब भी तैयार किया जाएगा। केंद्र और सरकार के सहयोग से 2.6 करोड़ की लागत से इस केंद्र का निर्माण कार्य प्रस्तावित है। इसमें हॉल ऑफ फेम, इनोवेशन रिसोर्स सेंटर, जोड़-तोड़ फोड़ एरिया, आइडिया लैब, डिजाइन स्टूडियों, कबाड़ से जुगाड़ और गतिविधि कॉर्नर तैयार किए जाएंगे। राजस्थान सरकार ने हाल ही में 2025-26 बजट में इसकी घोषणा की थी।
बनेंगे 50 इनडोर और 50 आउटडोर मॉडल्स
इस साइंस सेंटर में 80-85 सीटों वाला ऑडिटोरियम भी बनाने की तैयारी की जा रही है, जिसमें विज्ञान से जुड़ी कई फिल्में दर्शायी जाएंगी। साथ ही 50 इनडोर और 50 आउटडोर वैज्ञानिक मॉडल बनाएं जाएंगे। सेंटर में एस्ट्रोफिजिक्स, बायोटेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नैनो टेक्नोलॉजी जैसे विषयों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। 35 करोड़ की लागत से तैयार होने जा रहे इस साइंस सेंटर के सिविल निर्माण के बाद मशोनों की इंस्टॉलेशन प्रक्रिया भी कराई जाएंगी।