Chaitra Navratri 2025: नवरात्रि यानी नौ रातों का वह भव्य उत्सव जिसमें शक्ति के नौ रूपों की पूजा की जाती है। नवरात्र का शाब्दिक अर्थ है नौ रातें, इन नौ रातों की गिनती अमावस्या के अगले दिन से की जाती है। चैत्र नवरात्रि ग्रेगोरियन कैलेंडर के मार्च या अप्रैल के महीने में पड़ती है और शारदीय नवरात्र अश्विन मास यानी सितंबर या अक्टूबर के महीने में होती है।
क्या होती है गुप्त नवरात्रि?
एक साल में चार नवरात्रि होती हैं लेकिन इनमें से दो गुप्त नवरात्र होते हैं। पहली गुप्त नवरात्रि माघ मास के शुक्ल पक्ष में और दूसरी आषाढ मास के शुक्ल पक्ष में आती है। इन्हें अधिकतर गुप्त तरीके से मनाया जाता है।
क्यों मनाई जाती है चैत्र नवरात्रि?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जब धरती पर महिषासुर का आतंक काफी बढ़ गया था, तब देवताओं ने माता पार्वती को प्रसन्न कर उनसे रक्षा करने की प्रार्थना की। इसके बाद मातारानी ने अपने अंश से नौ रूप प्रकट किए, जिन्हें देवताओं ने अपने शस्त्र देकर शक्तिशाली बनाया। ये क्रम चैत्र के महीने में प्रतिपदा तिथि से शुरू होकर 9 दिनों तक चला और यही कारण है कि इन नौ दिनों को चैत्र नवरात्रि के तौर पर मनाया जाने लगा।
और पढ़ें...Khatu Shyam Mandir Sikar: खाटू भक्त ध्यान दें, 19 घंटे के लिए बंद रहेंगे बाबा श्याम मंदिर के कपाट
क्यों मनाई जाती है शारदीय नवरात्रि?
बंगाली कृति वासी रामायण में भगवान श्रीराम को दुर्गा पूजा करते हुए वर्णित किया गया है। कहा जाता है कि शारदीय नवरात्रि का व्रत भगवान राम ने रावण पर विजय प्राप्त करने के लिए किया था। उन्होंने पूर्ण विधि विधान से महाशक्ति की पूजा और उपासना की थी, इसके बाद नौ दिनों तक शक्ति की आराधना के बाद दसवें दिन भगवान राम ने रावण का वध किया था। इसी तरह महाकाव्य महाभारत में दो बार दुर्गा स्तुति का वर्णन है।